दानदाता ने पीएमश्री स्कूल की वॉलीबॉल टीमों को खेल किट देकर हौसला बढ़ाया।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 8 सितंबर 2026। स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता में शामिल होने वाली टीमों को एक जैसी ड्रेस उपलब्ध करवा उनका हौसला बढ़ाने और जीत के लिए अग्रिम शुभकामनाएं देने का कार्य मंगलवार सुबह पीएमश्री राउमावि केऊ पुरानी में संपन्न हुआ। यहां दानदाता रावताराम सुथार ने विद्यालय की वॉलीबॉल टीम बालक एंव बालिका वर्ग को गेम्स किट के रूप में टीशर्ट एवं निक्कर उपहार में दी है। संस्था प्रधान सुनिता डूडी ने दानदाता रावताराम सुथार व प्रेरक संदीप कुमार का आभार जताते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ता है। इस दौरान खिलाड़ी विद्यार्थी मौजूद रहें। इस अवसर पर भामाशाह रावताराम सुथार का फूलमाला से स्टाफ ने अभिनंदन किया। इस अवसर पर रामलाल सुथार, संस्था स्टाफ सुरेखा, कालूदास, सीताराम, सुनील कुमारी, राकेश कुमार, पवन कुमार, सुमेराराम सारण, सुमेरसिंह मौजूद रहें।


नेत्रदान जागरूकता अभियान में लिया नेत्रदान का संकल्प
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। तेरापंथ युवक परिषद् श्रीडूंगरगढ़ की ओर से अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद् के “Vision for Visionless 2.0” अभियान के तहत राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े के समापन अवसर पर मंगलवार को श्री बेगराज सोमानी राजकीय नेत्र चिकित्सालय में नेत्रदान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सालय में कार्यरत डॉ. सुनील गोयल ने स्वयं नेत्रदान का संकल्प लेते हुए समाज के अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य से जुड़ने का संदेश दिया। परिषद् अध्यक्ष विक्रम मालू एवं नेत्रदान प्रवृत्ति सलाहकार अशोक झाबक ने नेत्रदान के महत्व की जानकारी देते हुए इससे जुड़ी भ्रांतियों एवं शंकाओं का समाधान किया। परिषद् के कोषाध्यक्ष चमन श्रीमाल ने प्रयोग के माध्यम से नेत्रदान की आवश्यकता को सरल तरीके से समझाया। कार्यक्रम में परिषद् उपाध्यक्ष रजत सिंघी, रोशन सिंघी, शुभम बोथरा सहित परिषद् कार्यकर्ता और अनेक मौजिज लोग मौजूद रहें।