श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 20 सितंबर 2026। मालू भवन में सेवा केंद्र व्यवस्थापिका साध्वी लक्ष्यप्रभा जी के सान्निध्य में तपस्विनी कन्या मंडल की बहिन गरिमा भंसाली की 15 की भाव तपस्या के उपलक्ष्य में तप अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में तेरापंथ समाज की विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों, परिवारजनों एवं समाज के गणमान्य लोगों ने उपस्थित होकर तपस्विनी की तपस्या की अनुमोदना की। कार्यक्रम का शुभारंभ महिला मंडल की उर्मिला गिया ने मंगलाचरण से किया। इसके बाद श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा की मधु झाबक, तेरापंथ महिला मंडल की ओर से सामूहिक गीतिका एवं नीतू बोथरा, तेरापंथ युवक परिषद अध्यक्ष विक्रम मालू व मंत्री पीयूष बोथरा, किशोर मंडल से अजय बोथरा तथा कन्या मंडल संयोजिका प्रेक्षा पुगलिया ने गीतिका एवं वक्तव्य के माध्यम से तपस्विनी के प्रति अपने भाव व्यक्त किए। परिवार की ओर से पिता रंजीत भंसाली, भाई संयम एवं मंजू झाबक तथा भंसाली परिवार की ओर से सामूहिक गीतिका प्रस्तुत कर तपस्विनी के तप की अनुमोदना की गई। सेवा केंद्र व्यवस्थापिका साध्वी लक्ष्यप्रभाजी एवं साध्वी पुनीतप्रभाजी ने मंगल उद्बोधन प्रदान करते हुए तप के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला तथा साध्वीवृंद ने सामूहिक गीतिका के माध्यम से तपस्विनी की तपस्या के प्रति अनुमोदना व्यक्त की। कार्यक्रम में सभा, महिला मंडल एवं तेरापंथ युवक परिषद की ओर से तपस्विनी गरिमा भंसाली का तप अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर संघीय संस्थाओं से जुड़े पदाधिकारी एवं समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशल संचालन तेरापंथ युवक परिषद के सहमंत्री सुमित बरडिया ने किया।
