श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 अक्टूबर 2026। मतदाता जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को श्रीडूंगरगढ़ स्थित रमन आईटीआई कॉलेज में ‘कोई भी पात्र मतदाता न छूटे’ थीम पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना में उपखंड अधिकारी झंवरलाल मित्तल के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया और मतदान के महत्व की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का नेतृत्व नायब तहसीलदार निर्वाचन रमेश सिंह चौहान ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को लोकतंत्र में मतदान की भूमिका समझाते हुए पात्र युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने का आह्वान किया। भू-अभिलेख निरीक्षक हरिराम सारण ने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना आवश्यक है, ताकि वह अपने मताधिकार का उपयोग कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बना सके। इस अवसर पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) महेश जोशी एवं श्याम सुंदर निर्वाण ने नव मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वयं पंजीकरण करवाने के साथ ही अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।

निर्वाचन प्रकोष्ठ के लीलाराम मीणा ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में पंजीकरण के प्रति जागरूक करना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करना है।